छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट और उसके अधीन आने वाली सभी अदालतों में 16 नवंबर 2026 को अवकाश रहेगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके साथ ही छुट्टी के बदले 21 नवंबर यानी तीसरे शनिवार को हाईकोर्ट में कामकाज होगा।
हाईकोर्ट की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, 16 नवंबर को सोमवार के दिन छठ पूजा के कारण अदालतें बंद रहेंगी। इसके बदले 21 नवंबर 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई होगी। वहीं, हाईकोर्ट के अधीन आने वाली अदालतों के लिए 12 दिसंबर 2026 यानी दूसरे शनिवार को भी कार्यदिवस घोषित किया गया है।
16 नवंबर के मामलों की सुनवाई अब 17 नवंबर को
नोटिफिकेशन में बताया गया है कि 16 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में जिन मामलों की सुनवाई निर्धारित थी, उन्हें अब 17 नवंबर को सुना जाएगा। इन मामलों के साथ 17 नवंबर को पहले से सूचीबद्ध मामलों की भी सुनवाई होगी। यह नोटिफिकेशन हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रितेश सिंह की ओर से अदालत के आदेश पर जारी किया गया है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने दी जानकारी
दिल्ली सरकार में कानून एवं न्याय मंत्री कपिल मिश्रा ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट और संबंधित अदालतों में भी छुट्टी रहेगी।
कपिल मिश्रा ने अपनी पोस्ट में 'जय छठी मैया' भी लिखा। इस फैसले से छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली में अदालतों में कामकाज प्रभावित रहेगा और छुट्टी की भरपाई के लिए निर्धारित शनिवार को अदालतें खुलेंगी।