पूर्व आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहे। मालीवाल ने कहा कि उन्होंने यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि पार्टी के काम से प्रेरित होकर लिया है। उन्होंने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रहते हुए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा से काफी सहयोग मिला था।
उन्होंने कहा, “मैंने किसी मजबूरी में बीजेपी जॉइन नहीं की है। मैं कई सालों से पार्टी के काम में रुचि रखती थी। जब मैं दिल्ली महिला आयोग में काम कर रही थी, तब भी मैंने निष्पक्ष होकर काम किया और मुझे बीजेपी की तरफ से काफी समर्थन मिला। आज का दिन मेरे लिए बहुत भावुक और महत्वपूर्ण है।”
स्वाति मालीवाल ने इस दौरान AAP और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में AAP सरकार के दौरान कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार बढ़ा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब रही। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में काफी काम हुआ है, हालांकि अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। गौरतलब है कि 24 अप्रैल को स्वाति मालीवाल समेत AAP के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हुए थे, जिनमें राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं।