Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

‘अवैध’ यूनुस शासन को उखाड़ फेंको, चुनाव से पहले बांग्लादेश की जनता से हसीना का आह्वान

New Delhi: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शुक्रवार को देश की जनता से मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया और कहा कि अगर यह सत्ता में बनी रहती है तो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं होंगे।

ढाका से नई दिल्ली आने के 17 महीने बाद भारत में अपने पहले सार्वजनिक भाषण में, अवामी लीग की नेता ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को संयुक्त राष्ट्र से पिछले वर्ष की घटनाओं की ‘‘निष्पक्ष जांच’’ करने का आग्रह करना चाहिए। उन्होंने लोगों से संविधान को ‘‘बहाल’’ करने और धार्मिक अल्पसंख्यकों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में हसीना का पहले से रिकॉर्ड किया गया ऑडियो क्लिप चलाया गया। यह संदेश बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनावों के लिए प्रचार शुरू होने के एक दिन बाद आया। अवामी लीग पार्टी को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है।

अपने संबोधन में हसीना ने यूनुस पर जमकर हमला बोला और उन पर ‘‘अवैध’’ शासन चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि देश अब ‘‘चरमपंथी सांप्रदायिक ताकतों और विदेशी अपराधियों के भयावह हमले से तबाह’’ है। अगस्त 2024 में सरकार विरोधी व्यापक आंदोलन के कारण 78 वर्षीय हसीना को ढाका छोड़कर भारत आना पड़ा था। तब से वह भारत में रह रही हैं।