Breaking News

खराब मौसम के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी     |   हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, बस के खाई में गिरने से 7 की मौत और कई घायल     |   सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत     |   पीएम मोदी आज IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे     |   भारत समेत 5 देशों पर 100% टैरिफ लगाएगा US! बिल पास     |  

दिल्ली में देहरादून एक्सप्रेसवे के पास करंट लगने से व्यक्ति की मौत

 राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के बीच उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में देहरादून एक्सप्रेसवे के पास करंट लगने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, देहरादून एक्सप्रेसवे के खंभा संख्या 52 के पास डिवाइडर पर एक शख्स के बेहोश पड़े होने की सूचना सुबह करीब 10 बजे मिली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी की गई और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

व्यक्ति को जगप्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि व्यक्ति लगभग छह फुट ऊंची डिवाइडर रेलिंग पर चढ़ा होगा और रेलिंग पार करने के बाद, वह खंभा संख्या 52 के बगल में लगे एक विद्युत पैनल पर उतर गया जिससे वह हाई वोल्टेज वाले बिजली के तारों की चपेट में आ गया।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुतेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया है और उसकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इसे लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 (अप्राकृतिक) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।