Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

इंडिगो ने बेंगलुरू से 60 उड़ानें रद्द कीं, आज 1,950 से अधिक उड़ानें संचालित करने की योजना

Indigo Crisis: संकटग्रस्त इंडिगो ने बृहस्पतिवार को भी बेंगलुरू हवाई अड्डे से 60 उड़ानें रद्द कर दीं। ये उड़ान ऐसे समय में रद्द की गई हैं जब एयरलाइन ने विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए की निगरानी में गुरुवार को 1,950 से अधिक उड़ानें संचालित करने की अपनी योजना की घोषणा की है। एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

यह निगरानी पायलट और चालक दल के ड्यूटी समय के नए मानदंडों के कार्यान्वयन से संबंधित योजना में विफलताओं के कारण सेवाओं में बड़े पैमाने पर व्यवधान के बाद की जा रही है। सूत्र ने बताया, ‘‘इंडिगो ने बेंगलुरू हवाई अड्डे से 32 आगमन और 28 प्रस्थान सहित 60 उड़ानें रद्द कर दी हैं।’’

इस बीच, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने संकटग्रस्त इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स को हाल में हुई परिचालन संबंधी बाधाओं पर आंकड़ों और नवीनतम जानकारियों सहित एक व्यापक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए गुरुवार को तलब किया है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि उसे ‘‘ गुरुवार को 1,950 से अधिक उड़ानें संचालित करने की उम्मीद है।’’

एयरलाइन अपने राष्ट्रीय और घरेलू नेटवर्क पर शीतकालीन कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन 2,200 से अधिक उड़ानें संचालित करती है, जिसे सरकार ने पहले ही 10 प्रतिशत तक कम कर दिया है ताकि एयरलाइन को अपने संचालन को ‘‘स्थिर’’ करने और रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या को कम करने में मदद मिल सके, जो पांच दिसंबर को 1,600 तक पहुंच गई थी। बुधवार को इंडिगो ने दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई सहित तीन प्रमुख हवाई अड्डों से 220 उड़ानें रद्द कर दी थीं, जिनमें से दिल्ली में सबसे अधिक 137 उड़ानें रद्द हुईं।

इंडिगो के चेयरमैन विक्रम मेहता ने 10 दिनों में पहली बार बुधवार को संकट के बारे में बात की, हवाई अड्डों पर अव्यवस्था के लिए माफी मांगी और बड़े पैमाने पर व्यवधानों का कारण आंतरिक और बाहरी ‘‘अप्रत्याशित’’ घटनाओं के संयोजन को बताया।