Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

पीयूष गोयल करेंगे व्यापार वार्ता के लिए अधिकारियों के दल का नेतृत्व, 17 मई से शुरू होगी चर्चा

Delhi: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों का एक दल प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ 17 मई से वॉशिंगटन में चर्चा करेगा। एक अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। 

अपनी यात्रा के दौरान गोयल के अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जेमिसन ग्रीर और अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के साथ बैठक करने की उम्मीद है। ये चार दिवसीय वार्ता (17-20 मई) ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देश इस साल शरद ऋतु (सितंबर-अक्टूबर) तक व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने से पहले ‘‘शीघ्र पारस्परिक लाभ’’ सुनिश्चित करने के लिए वस्तुओं में अंतरिम व्यापार व्यवस्था की संभावना तलाश रहे हैं। 

अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों के मुख्य वार्ताकार 19 से 22 मई तक बैठक करेंगे। गोयल 16 मई को वॉशिंगटन पहुंचेंगे। इस्पात और एल्युमीनियम पर अमेरिकी शुल्क के विरोध में कुछ अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी शुल्क लगाने के भारत के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। 

इन चर्चाओं के जरिये भारत और अमेरिका के अधिकारी उच्च शुल्क पर लगी 90 दिन की रोक के अंदर आम सहमति पर पहुंचना चाहते हैं। अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त 26 प्रतिशत शुल्क को नौ जुलाई तक के लिए निलंबित कर दिया है। बढ़ते व्यापार घाटे को पाटने के लिए दो अप्रैल को इसकी घोषणा की गई थी। हालांकि, 10 प्रतिशत का मूल शुल्क अब भी लागू है। 

अमेरिका लगातार चौथे साल 2024-25 में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना रहा। दोनो देशों का द्विपक्षीय व्यापार 131.84 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। भारत के कुल वस्तु निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 18 प्रतिशत, आयात में 6.22 प्रतिशत और देश के कुल वस्तु व्यापार में 10.73 प्रतिशत रही। 

भारत का अमेरिका के साथ 2024-25 में वस्तुओं के मामले में व्यापार अधिशेष (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) 41.18 अरब अमेरिकी डॉलर था। वित्त वर्ष 2023-24 में यह 35.32 अरब डॉलर, 2022-23 में 27.7 अरब डॉलर, 2021-22 में 32.85 अरब डॉलर और 2020-21 में 22.73 अरब डॉलर था। अमेरिका ने इस बढ़ते व्यापार घाटे पर चिंता जाहिर की है।