Breaking News

CBI ने 'अभय' हेल्पबॉट लॉन्च किया, लोगों को साइबर क्राइम-डिजिटल अरेस्ट से बचाएगा     |   प्रतीक यादव की अस्थियां कल हरिद्वार में प्रवाहित होंगी, अखिलेश-अमन बिष्ट रहेंगे मौजूद     |   'सरकार ₹12.35/Kg की दर से प्याज खरीदेगी', पुणे में बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह     |   जापान में आया जोरदार भूकंप, रिक्टर स्केल 6.6 तीव्रता रही, सुनामी का अलर्ट नहीं     |   MP की धार भोजशाला मामले में हिंदू पक्षकार ने सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल की     |  

दिल्ली मास्टर प्लान 2041 में लाएं तेजी, सीएम रेखा गुप्ता ने उप-राज्यपाल से किया आग्रह

Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से राष्ट्रीय राजधानी की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए "विलंबित" मास्टर प्लान 2041 को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। ग्रामोदय अभियान के तहत कार्यों का उद्घाटन करने के बाद गुप्ता ने कहा कि नयी दिल्ली का मास्टर प्लान ऐसा होनी चाहिए जो न सिर्फ मौजूदा विकासात्मक मुद्दों का समाधान प्रस्तुत करे बल्कि अगले 100 वर्षों तक आने वाली पीढ़ियों को भी लाभान्वित करे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा ‘मास्टर प्लान’ तैयार किया जा रहा है। गुप्ता ने कहा, ‘‘यह जल्द ही सामने आना चाहिए। दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के हितों से जुड़ी किसी भी चीज के लिए कोरे कागज पर अपनी मंजूरी देने को तैयार है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरवरी में कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुलाया और मास्टर प्लान के मसौदा के बारे में जानकारी ली जोकि कई वर्षों से तैयार किया जा रहा है। रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘जब मैंने मसौदा देखा तो मैं दंग रह गई।’’ उन्होंने कहा कि अधिकारियों को लोगों के हितों की पूर्ति करने वाले एक ठोस मास्टर प्लान को तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।

रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के उद्देश्य से ग्रामोदय अभियान के तहत विभिन्न परियोजनाओं के रूप में किए जा रहे उपराज्यपाल सक्सेना के प्रयासों के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘अगर देश का विकास करना है तो सिर्फ शहरी और लुटियंस जोन का विकास करना पर्याप्त नहीं होगा इसके लिए गांवों का विकास भी जरूरी है।’’