Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

डीजल की खपत नवंबर में छह माह के उच्चतम स्तर पर, पेट्रोल की मांग भी बढ़ी

Delhi: वाहनों में सर्वाधिक इस्तेमाल होने वाले ईंधन डीजल की खपत नवंबर में छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। पेट्रोलियम उद्योग के प्रारंभिक आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है। पेट्रोलियम मंत्रालय के पेट्रोलियम नियोजन एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में डीजल की बिक्री 4.7 प्रतिशत बढ़कर 85.5 लाख टन हो गई जो मई, 2025 के बाद का सर्वाधिक आंकड़ा है।

डीजल देश में माल ढुलाई का आधार है और मानसून के दौरान मांग घटने के बाद अक्टूबर में 67.9 लाख टन की बिक्री के साथ मांग में धीरे-धीरे सुधार आया। यह सिलसिला नवंबर माह में भी कायम रहा। मौसमी प्रभाव और त्योहारी मांग के कारण नवंबर में ट्रकों के परिवहन और घरेलू गतिविधियों में वृद्धि ने डीजल खपत को और बढ़ा दिया।

आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीनों में डीजल बिक्री 2.76 प्रतिशत बढ़कर 6.18 करोड़ टन रही। नवंबर में पेट्रोल की खपत भी 2.19 प्रतिशत बढ़कर 35 लाख टन हो गई। इस तरह अप्रैल-नवंबर, 2025 के दौरान पेट्रोल की मांग 6.25 प्रतिशत बढ़कर 2.83 करोड़ टन रही।

वहीं, विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन एटीएफ की खपत नवंबर में 4.7 प्रतिशत बढ़कर 7.83 लाख टन हो गई। घरेलू रसोई गैस एलपीजी की बिक्री नवंबर में 7.62 प्रतिशत बढ़कर लगभग 30 लाख टन रही। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थी परिवारों की संख्या 10.33 करोड़ से बढ़कर 10.58 करोड़ होने से एलपीजी की मांग बढ़ी है।