Breaking News

दिल्ली-NCR में 'रेनी ट्यूजडे', दोपहर में शुरू हुई झमाझम बारिश     |   'पैलेट गन, इलेक्ट्रिक बैटन और वकीलों पर हमला...', सुप्रीम कोर्ट ने उठाए पुलिस एक्शन पर बड़े सवाल     |   सारांश जैन की टेस्ट टीम में एंट्री, श्रीलंका दौरे के लिए BCCI ने किया टीम का ऐलान     |   ईरान के पैसे से ही नुकसान की भरपाई करेंगे: ट्रंप     |   तमिलनाडु सरकार की पड़ोसी राज्यों को निर्माण सामग्री भेजने पर 3 महीने की रोक     |  

दिल्ली: बुराड़ी में इमारत ढहने से दो लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में मंगलवार को चार मंजिला इमारत गिरने से दो लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास नई बनी बिल्डिंग सोमवार शाम को ढह गई। बुराड़ी अस्पताल के सीएमओ डॉ. प्रवीण ने बताया कि अब तक 12 लोगों को बचा लिया गया है और मलबे से पांच शव निकाले गए हैं। मृतकों की पहचान 17 साल की साधना, सात साल की राधिका, मोहम्मद सरफराज और मोहम्मद कादिर के रूप में हुई है। एक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने सोमवार की रात एक बयान में कहा कि उसे शाम लगभग सात बजे इमारत ढहने की सूचना मिली। उसने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचान अभियान शुरू किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल समेत कई एजेंसी के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता कर रही है कि इमारत के भीतर कितने लोग अब भी फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा, ''हमने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई टीमें गठित की गई हैं। इमारत के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।" हादसे के तुरंत बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि प्रभावित लोगों को मदद दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "बुराड़ी में इमारत ढहने की घटना बेहद दुखद है। मैंने त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन से बात की है। प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।" पूर्व मुख्यमंत्री और आप अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि स्थानीय पार्टी विधायक को राहत एवं बचाव कार्य में सहायता करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा, "ये घटना बहुत दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाएं और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। साथ ही स्थानीय लोगों की हरसंभव मदद करें।" दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने मंगलवार सुबह बचाव अभियान का वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा, "कुछ कर्मी कल रात से बिना आराम किए काम कर रहे हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मी मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को बचाने में सभी एजेंसियों की मदद कर रहे हैं।"