Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंची

Delhi pollution: दिल्ली में पिछले दो दिन मामूली सुधार रहने के बाद शुक्रवार को वायु गुणवत्ता एक बार फिर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 310 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली के 40 निगरानी केंद्रों में से कम से कम 24 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ दर्ज की गई।

इसमें जहांगीरपुरी और आनंद विहार 395 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित इलाके रहे। वहीं लोधी रोड पर एक्यूआई 185 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। पिछले दो दिनों के दौरान दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई थी। ‘वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली’ (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग ने कहा कि हवा की मौजूदा औसत गति, जो 10 किमी प्रति घंटे से कम है, प्रदूषण फैलाने के लिए अनुकूल नहीं है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बेहद खराब' और 401-500 को 'गंभीर' माना जाता है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है।