New Delhi: भारतीय जनता पार्टी के सांसद अरुण गोविल ने मस्जिदों और मदरसों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की गुरुवार को मांग करते हुए कहा कि ये भी बड़े सार्वजनिक और सामुदायिक स्थल हैं, जहां सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान कहा कि वर्तमान में देशभर में मंदिर, चर्च, गुरुद्वारे, कॉलेजों, अस्पतालों, बाजारों और अधिकांश सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा चुके हैं।
गोविल ने कहा कि ये कैमरे पारदर्शिता, सुरक्षा और अपराध निरोध में महत्वपूर्ण साबित हुए हैं, ‘‘लेकिन मस्जिदों और मदरसों में अब भी यह व्यवस्था लागू नहीं है’’ जबकि ये भी बड़े सार्वजनिक और सामुदायिक स्थल हैं, जहां सुरक्षा सुनिश्चित करना उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म के जन्म स्थान सउदी अरब के मक्का और मदरसों में सुरक्षा कारणों से सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं, अगर वहां सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था अपनाई जा सकती है तो भारत में समान सुरक्षा मानकों को लागू करने में संकोच क्यों है?
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह मस्जिदों और मदरसों में भी मंदिरों, स्कूलों, चर्च और अन्य सार्वजनिक स्थलों की तरह सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य करने के लिए समान राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाने पर विचार करे। बीजेपी सांसद ने कहा कि यह कदम किसी धर्म के विरूद्ध नहीं है बल्कि राष्ट्र के 140 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा के हित में होगा। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र और ज्यादा मजबूत होगा।