Breaking News

करनाल: सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग     |   भोपाल: निशातपुरा इलाके में लगी आग, चपेट में कमर्शल बिल्डिंग     |   CBSE ने 12वीं क्लास का रिजल्ट घोषित किया     |   प्रतीक की बॉडी पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम के बाद हार्ट को सुरक्षित रखा गया     |   सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- नंदीग्राम सीट छोड़ेंगे, भवानीपुर से रहेंगे विधायक     |  

CBSE 12वीं रिजल्ट 2026 जारी, कुल 85.20% छात्र पास, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

सीबीएसई (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष कुल 85.20 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। यह पिछले वर्ष की तुलना में 3.9 प्रतिशत कम है। इस साल 18,57,517 छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। परिणामों में एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों का परिणाम 100 प्रतिशत रहा।

सीबीएसई ने परंपरा के अनुसार इस बार भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है, ताकि छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचा जा सके। हालांकि, 94,028 छात्रों (5.32 प्रतिशत) ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 17,113 छात्रों (0.97 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।

क्षेत्रवार प्रदर्शन में तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) सबसे आगे रहा, जहां पास प्रतिशत 95.62 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके बाद चेन्नई 93.84 प्रतिशत और बेंगलुरु 93.19 प्रतिशत के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। दिल्ली पश्चिम क्षेत्र का पास प्रतिशत 92.34 प्रतिशत और दिल्ली पूर्व क्षेत्र का 91.73 प्रतिशत रहा।

संस्थानों के प्रदर्शन की बात करें तो केंद्रीय विद्यालय (KV) ने 98.55 प्रतिशत और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) ने 98.47 प्रतिशत परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस वर्ष सीबीएसई ने मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए 98 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी तरह ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली से की। इससे अंकों की गणना और डेटा दर्ज करने में होने वाली त्रुटियों को कम करने में मदद मिली।

छात्र अपना परिणाम CBSE की आधिकारिक वेबसाइट, DigiLocker और UMANG ऐप पर देख सकते हैं। DigiLocker पर उपलब्ध डिजिटल मार्कशीट और प्रमाणपत्र उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए पूरी तरह मान्य हैं। जो छात्र अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं या जिन्हें कंपार्टमेंट मिला है, उनके लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई 2026 से आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू होगी।