Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली हवाई अड्डे पर एअर इंडिया की बस में लगी आग, कोई हताहत नहीं

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 के पास खड़ी एअर इंडिया की एक बस में मंगलवार दोपहर आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डा पुलिस के उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि घटना के समय बस में न तो कोई यात्री था और न ही सामान रखा गया था।

उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को आग की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां, स्थानीय पुलिसकर्मी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान मौके पर पहुंचे। वीर ने कहा, “जब आग लगी तब बस में केवल चालक मौजूद था। दमकलकर्मियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया। किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।”

पुलिस के अनुसार, यह बस हवाई अड्डे के परिसर में यात्रियों को ले जाने के लिए इस्तेमाल की जाती थी और आग लगने से इसमें कुछ नुकसान हुआ है। सुरक्षा कारणों से थोड़े समय के लिए क्षेत्र की घेराबंदी की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए बस की गहन जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।