Breaking News

दिल्ली-NCR में 'रेनी ट्यूजडे', दोपहर में शुरू हुई झमाझम बारिश     |   'पैलेट गन, इलेक्ट्रिक बैटन और वकीलों पर हमला...', सुप्रीम कोर्ट ने उठाए पुलिस एक्शन पर बड़े सवाल     |   सारांश जैन की टेस्ट टीम में एंट्री, श्रीलंका दौरे के लिए BCCI ने किया टीम का ऐलान     |   ईरान के पैसे से ही नुकसान की भरपाई करेंगे: ट्रंप     |   तमिलनाडु सरकार की पड़ोसी राज्यों को निर्माण सामग्री भेजने पर 3 महीने की रोक     |  

दिल्ली बिल्डिंग हादसा: 12 लोगों को बचाया गया, दो की मौत, मलबे में फंसे लोगों के परिजन परेशान

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में मंगलवार की सुबह काफी दर्दनाक रही। हर तरफ चीख-पुकार थी। जद्दोजहद थी अपनों से मिलने की। इमारत के मलबे में लोग अपनों को ढूंढ रहे थे। कोई फोन बजा रहा था, तो कोई अपनों के जिंदा होने की खबर का इंतजार कर रहा था। 

राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोमवार शाम से ऐसे ही मातम पसरा हुआ है। देर शाम अचानक एक चार मंजिला इमारत ढह गई। इसमें अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं। मलबे में फंसे लोगों के परिजन उनके जिंदा होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

बुराड़ी में ये हादसा ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास इमारत के गिरने से हुआ। अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। बचाए गए लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

हालांकि पुलिस ने अभी तक अंदर फंसे लोगों के नामों की पुष्टि नहीं की है। सोमवार रात को जारी एक बयान में दिल्ली पुलिस ने बताया कि उन्हें शाम करीब सात बजे इमारत के ढहने की सूचना मिली थी। 200 गज एरिया में नई बिल्डिंग का काम चल रहा था। इस बीच, पुलिस ने आगे कोई दुर्घटना न हो इसके लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है और बचाव अभियान जारी है। मलबे के नीचे और लोगों के फंसे होने की आशंका है।