Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका     |   ईरान के सम्मान, प्रगति और गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे: मसूद पेजेश्कियान     |   चीन ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड ने जताया विरोध     |   चंपत राय पर थोड़ी देर में फैसला, मीटिंग के लिए पहुंचने लगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य     |   पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |  

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, जिम मालिक की हत्या में शामिल थे; कांस्टेबल को भी गोली लगी

हरियाणा के हांसी में पिछले महीने एक जिम संचालक की हत्या में कथित रूप से शामिल लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर बहादुरगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए. पुलिस ने बताया कि बहादुरगढ़ में शनिवार (4 जुलाई) देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी.

इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर घायल हो गए. घायल आरोपियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बहादुरगढ़ के पुलिस उपायुक्त मयंक मिश्रा ने रविवार को ‘बताया कि दोनों आरोपियों को आधी रात के बाद घेरकर रोका गया था.

हांसी में कपिल नामक जिम संचालक की 11 जून को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस के अनुसार, घटना के समय कपिल छह से सात लोगों के एक समूह को खुले मैदान में व्यायाम का प्रशिक्षण दे रहे थे. इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था.

पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटर प्रवेश और हिमांशु ने अंजाम दिया था. दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. हरियाणा पुलिस की बहादुरगढ़ इकाई के विशेष कार्य बल को दिल्ली पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल’ से दोनों शूटर के बारे में गुप्त सूचना मिली थी.

पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर जब पुलिस ने दोनों को घेरकर रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस दल पर गोलियां चलाईं और इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के पैर में गोली लग गई. घायल कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका उपचार जारी है. मुठभेड़ में घायल हुए दोनों शूटर को तुरंत बहादुरगढ़ के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, प्रवेश हिसार जिले के टिब्बा दानाशेर गांव से जबकि हिमांशु हिसार जिले के जाखोद खेड़ा गांव से था.