Breaking News

ठाणे: पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, महिला डॉक्टर को मारा था थप्पड़     |   बिहार: सम्राट कैबिनेट की बैठक खत्म, कुल 22 एजेंडों पर लगी मुहर     |   बांग्लादेश: कॉक्स बाज़ार में रोहिंग्या कैंप में भूस्खलन, आठ लोगों की मौत     |   ईरान पर ट्रंप का बयान- शायद आज रात हम फिर हमला करेंगे     |   बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से की मुलाकात     |  

ISIS-AQIS से जुड़े ऑनलाइन कट्टरपंथ मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, 9 राज्यों में 20 ठिकानों पर छापेमारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को 9 राज्यों के 20 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई एक ऐसे मामले में की गई है, जिसमें ऑनलाइन कट्टरपंथ फैलाकर भारत में हिंसक गतिविधियों के जरिए तथाकथित 'इस्लामिक स्टेट' स्थापित करने की साजिश की जांच की जा रही है। NIA के अनुसार, छापेमारी उत्तर प्रदेश (5), आंध्र प्रदेश (4), महाराष्ट्र (3), दिल्ली (2) और बिहार, राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के एक-एक स्थान पर की गई।

जांच एजेंसी ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी ताकि मामले से जुड़े और सबूत जुटाए जा सकें।  यह मामला 13 मई 2026 को NIA ने आंध्र प्रदेश पुलिस से अपने हाथ में लिया था। अब तक इस मामले में 11 आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया जा चुका है। शुरुआत में विजयवाड़ा पुलिस ने मार्च 2026 में मुख्य आरोपी रहमतुल्लाह शरीफ मोहम्मद के घर पर छापेमारी की थी। वहां से प्रतिबंधित आतंकी संगठनों AQIS (अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट) और ISIS से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने के बाद मामला दर्ज किया गया था।

NIA का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी और उनके सहयोगी कथित तौर पर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और भड़काऊ सामग्री फैलाने में शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश में मौजूद अपने कथित संपर्कों के संपर्क में थे और उनके जरिए कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था। फिलहाल NIA पूरे नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।