टीवी अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा लोढ़ा की शादी राजस्थान के जोधपुर स्थित उमैद भवन पैलेस में धूमधाम से संपन्न हुई। शादी में परिवार के करीबी लोग और खास मेहमान शामिल हुए। शादी समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता विक्की कौशल भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में विक्की सफेद शेरवानी जैकेट और काले रंग की पैंट पहने शादी में पहुंचते दिखाई देते हैं। शैलेश लोढ़ा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मेहमानों से उनका परिचय कराया।
शैलेश लोढ़ा और विक्की कौशल के बीच अच्छी दोस्ती है। कुछ समय पहले शैलेश ने विक्की के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनकी सादगी और विनम्र स्वभाव की तारीफ की थी। उन्होंने लिखा था कि इतनी सफलता और लोकप्रियता मिलने के बाद भी विक्की पहले की तरह जमीन से जुड़े हुए हैं।
शादी के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने भी विक्की की खूब तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "जिस तरह उन्होंने सभी से मुलाकात की, वह बहुत अच्छा लगा।" वहीं एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा, "जेठालाल कहां हैं?" वर्कफ्रंट की बात करें तो विक्की कौशल जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी।