Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

Share Market: कच्चे तेल में उछाल से शेयर बाजार फिसला, सेंसेक्स 583 अंक लुढ़का

Share Market: कच्चे तेल के ऊंचे स्तर, कमजोर वैश्विक रुख और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स में करीब 583 अंक की कमजोरी रही जबकि निफ्टी 180 अंक टूट गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 582.86 अंक यानी 0.75 प्रतिशत टूटकर 76,913.50 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,237.5 अंक तक लुढ़क गया था लेकिन बाद में कुछ संभल गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 180.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत गिरकर 23,997.55 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 116.2 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग एक प्रतिशत से अधिक टूटकर बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

घरेलू स्तर पर वाहन, बैंक, धातु और रियल एस्टेट शेयरों में गिरावट रही, जबकि आईटी और दवा कंपनियों में चुनिंदा खरीदारी देखने को मिली। बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 609.45 अंक बढ़कर 77,496.36 अंक और एनएसई निफ्टी 181.95 अंक चढ़कर 24,177.65 अंक पर बंद हुए थे।