Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

वाहन और दूरसंचार शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 609 अंक उछला

Stock Market: एशियाई बाजारों में मजबूती और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, वाहन एवं दूरसंचार शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को घरेलू बाजार चढ़कर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 609 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि एनएसई निफ्टी में 182 अंक की तेजी रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 609.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत उछलकर 77,496.36 अंक अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,095.6 अंक तक चढ़ गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 181.95 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 24,177.65 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईटीसी लिमिटेड, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर चढ़कर बंद हुए। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट देखी गई।

प्रमुख वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी का शेयर सकारात्मक नतीजों के बाद 2.82 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 14,679.5 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड वार्षिक शुद्ध लाभ दर्ज किया है। लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, "बेहतर तिमाही नतीजों और घरेलू मांग की मजबूती ने घरेलू बाजार को भू-राजनीतिक तनाव से ध्यान हटाकर समर्थन देने का काम किया।"

व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.75 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.49 प्रतिशत की गिरावट आई। क्षेत्रवार सूचकांकों में दैनिक उपभोग के सामान (एफएमसीजी) खंड में सर्वाधिक 1.57 प्रतिशत की तेजी रही जबकि रियल्टी खंड में 1.42 प्रतिशत, दूरसंचार खंड में 1.28 प्रतिशत और ऊर्जा खंड में 1.14 प्रतिशत की बढ़त रही।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "बाजार में तेजी के पीछे तिमाही नतीजों से जुड़ी उम्मीद और चुनिंदा प्रमुख कंपनियों में खरीदारी प्रमुख कारण रहे। हालांकि कच्चे तेल के दाम 110 डॉलर प्रति बैरल के पार चले जाने से तेजी पर लगाम रही।"

वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड 2.85 प्रतिशत बढ़कर 114.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल के ऊंचे दाम के बावजूद निवेशकों ने गिरावट का फायदा उठाकर खरीदारी की।"

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे जबकि अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे थे।

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,103.74 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,712.01 करोड़ रुपये की खरीदारी की। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 416.72 अंक टूटकर 76,886.91 अंक और निफ्टी 97 अंक गिरकर 23,995.70 अंक पर बंद हुए थे।