Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

ट्रंप की चेतावनी से उछले कच्चे तेल के दाम, ब्रेंट क्रूड 82 डॉलर के पार

दुनियाभर के ऊर्जा बाजार में एक बार फिर हलचल मच गई है। अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई चेतावनी ने कच्चे तेल की कीमतों को अचानक उछाल दिया है। सोमवार को ब्रेंट क्रूड 2% से ज्यादा चढ़कर 82 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड भी 78 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर निकल गया। इस तेजी ने निवेशकों और तेल आयात करने वाले देशों की चिंता बढ़ा दी है। 

ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर हिजबुल्लाह की ओर से इजरायल पर हमले जारी रहे या होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिश की गई, तो अमेरिका कड़ा कदम उठा सकता है। इस बयान के बाद बाजार में यह डर बढ़ गया कि अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत पटरी से उतर सकती है। हालांकि दोनों देशों के बीच स्विट्जरलैंड में वार्ता जारी है, लेकिन ट्रंप की धमकी के बाद तेहरान ने कुछ समय के लिए बातचीत रोक दी थी। दूसरी ओर, वार्ता से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बातचीत जारी रही और कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

वार्ता में होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। दुनिया के बड़े हिस्से का तेल इसी समुद्री मार्ग से गुजरता है। ईरान ने एक बार फिर दावा किया कि उसने इस रास्ते को बंद कर दिया है, लेकिन फिलहाल तेल आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। पिछले कुछ हफ्तों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखी गई थी।

निवेशकों को उम्मीद थी कि अमेरिका-ईरान तनाव कम होने से ऊर्जा बाजार स्थिर होगा। इसी वजह से तेल 73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया था। लेकिन नई भू-राजनीतिक चिंताओं ने फिर से कीमतों को ऊपर धकेल दिया। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है। ऐसे में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और परिवहन लागत पर पड़ सकता है। यदि वैश्विक बाजार में यह तेजी लंबे समय तक बनी रहती है, तो महंगाई पर भी दबाव बढ़ सकता है।