इंफाल, चार नवंबर (भाषा) मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार को प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कम से कम तीन उग्रवादी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे अलग-अलग नगा उग्रवादी संगठनों के बीच भारी गोलीबारी हुई। इनमें जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (जेयूएफ-जेन्चुई) और उसके प्रतिद्वंद्वी समूहों के सदस्यों के शामिल होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने मारे गए लोगों के शव बरामद किए।
जेडयूएफ (जेन्चुई) ने दावा किया कि मृतकों में से दो उसके संगठन से जुड़े थे और उनकी पहचान एम थामेई तथा जी कामसन के रूप में की है।
संगठन ने आरोप लगाया कि इस गोलीबारी में एनएससीएन (आईएम), जेडयूएफ (कामसन गुट) और एनएससीएन-के (निकी सुमी) शामिल थे। तीसरे मृतक की पहचान पुंगमोन चिंगचेन गांव के निवासी ऐहुंग खुम्बा के रूप में हुई है। वह किस संगठन से जुड़ा था, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद, महिलाओं के नेतृत्व में स्थानीय लोग प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच हिंसा को रोकने के प्रयास में घटनास्थल पर पहुंचे और सदस्यों से गोलीबारी बंद करने की अपील की।
एक अन्य घटना में, उखरुल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 202 पर इंफाल से उखरुल जिला मुख्यालय जा रहे वाहनों के एक काफिले पर लेंगांगचिंग और टी एम कासोम इलाकों के बीच अज्ञात सशस्त्र समूहों द्वारा कई गोलियां चलाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब 4.45 बजे हुई इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।
भाषा
सुमित वैभव
वैभव