गुरुग्राम, चार नवंबर (भाषा) गुरुग्राम में बुधवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के बेटे की एक आवासीय सोसायटी की 11वीं मंजिल से कथित तौर पर गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय असीम खांची दोपहर करीब दो बजे ‘द लीफ’ सोसायटी के सेक्टर 85 स्थित टावर आठ के फ्लैट नंबर 10बी की बालकनी से कथित तौर पर गिर गए।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा गार्ड और सोसायटी के निवासी उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि खांची के पिता सत्यवान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हैं और वर्तमान में ओडिशा के कोरापुट में तैनात हैं।
सूचना मिलने के बाद खेड़की दौला पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस ने फ्लैट और घटनास्थल को सील कर दिया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच जारी है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने और जरूरी साक्ष्य जुटाए जाने के बाद ही चल सकेगा।’’
भाषा तान्या संतोष
संतोष