नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने मध्य दिल्ली में अपनी प्रमुख संपत्तियों के बड़े पैमाने पर पुनर्विकास की पहल के तहत सार्वजनिक निजी साझेदारी (पीपीपी) के जरिए खान मार्केट, चाणक्यपुरी और गोल मार्केट में व्यावसायिक क्षेत्रों तथा कनॉट प्लेस के पास स्थित मशहूर 'सुपर बाजार' इमारत का कायाकल्प करने की योजना बनायी है।
अधिकारियों ने बताया कि एनडीएमसी ने इन परियोजनाओं के लिए ‘ट्रांजैक्शन एडवाइजर’ नियुक्त करने हेतु निविदांए आमंत्रित की हैं तथा ये सलाहकार संपत्तियों का आकलन करेंगे, उनके सर्वोत्तम व्यावसायिक उपयोग की पहचान करेंगे, उनका मूल्य तय करेंगे व ‘निजी डेवलपर्स’ के चयन के लिए एक रूपरेखा तैयार करेंगे।
प्रस्तावित पुनर्विकास का उद्देश्य व्यस्त इलाकों में आधुनिक व्यावसायिक और खुदरा स्थान बनाना, पार्किंग सुविधाओं में सुधार करना और परिषद के लिए राजस्व का एक नियमित स्रोत तैयार करना है।
दस्तावेज़ों के अनुसार, सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक खान मार्केट कम्युनिटी सेंटर के आसपास लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में फैली है। इसमें लोक नायक भवन, पृथ्वीराज मार्केट, एनडीएमसी स्टाफ क्वार्टर, एक बारात घर और पहले से मौजूद मल्टी-लेवल पार्किंग स्थल शामिल हैं।
चाणक्यपुरी में एनडीएमसी की योजना अकबर भवन और यशवंत प्लेस के आसपास की अपनी संपत्तियों को फिर से विकसित करके एक वाणिज्यिक केंद्र बनाने की है, जिसमें लगभग 95,000 वर्ग फीट की बहुमंजिली जगह होगी। इस प्रस्तावित परिसर के भूतल पर खुदरा दुकानें होंगी और ऊपरी मंजिलों पर कार्यालय की जगह होगी।
परिषद ने गोल मार्केट के पास स्थित शहीद भगत सिंह प्लेस को आधुनिक व्यावसायिक सुविधाओं में पुनर्विकसित करने का प्रस्ताव भी दिया है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश