Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दौलत राम कॉलेज के प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, हमले का आरोप

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) एक छात्रा द्वारा यौन उत्पीड़न और हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज के एक प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ‘आंतरिक शिकायत समिति’ इस मामले की जांच कर रही है।

शिकायतकर्ता की ओर से बात करते हुए एक छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने उसे कई आपत्तिजनक यौन संदेश भेजे, उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और उसे फेल करने की धमकी दी। छात्रा ने बताया कि यह घटना 27 अक्टूबर को हुई थी, जबकि शिकायत 29 अक्टूबर को दर्ज कराई गई।

अधिकारियों ने बताया कि शिकायत को कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के पास भेज दिया गया है, जो इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही, शिकायत मिलने के बाद प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया गया।

दौलत राम कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष ने कहा कि छात्र संघ शिकायतकर्ता के साथ मजबूती से खड़ा है और उसने आईसीसी से एक निष्पक्ष, तटस्थ और समयबद्ध जांच की मांग की है।

छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा, “यदि आरोप साबित हो जाते हैं, तो इस पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, जिसमें आरोपी प्रोफेसर को नौकरी से निकालना भी शामिल है।”

उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि न्याय मिलने में कोई भी देरी होने पर छात्रसंघ बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेगा।

छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि हर छात्र की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से कोई समझौता नहीं किया जा सकता, और छात्रों को भरोसा दिलाया कि परिसर में ऐसी घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जाएंगे।

भाषा प्रशांत माधव

माधव