Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

जम्मू में वरिष्ठ पत्रकार मदन लाल मंटू का निधन

जम्मू, चार नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व उप-निदेशक और वरिष्ठ पत्रकार मदनलाल मंटू का बुधवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 74 साल के थे।

मदन लाल मंटू के बेटे विकास मंटू ने बताया कि उनके पिता को मंगलवार रात बेचैनी होने पर अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने तड़के चार बजे अंतिम सांस ली।

मदनलाल मंटू के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी हैं।

मदन लाल मंटू के अंतिम संस्कार में मीडिया जगत के लोगों, सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं समेत विभिन्न क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों में नेशनल कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता भी थे।

मूल रूप से उत्तरी कश्मीर के बारामूला के रहने वाले मंटू ने जम्मू-कश्मीर सरकार के सूचना विभाग में कई पदों पर काम किया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के प्रेस अधिकारी, जनसंपर्क उप-निदेशक और राजभवन में जनसंपर्क निदेशक जैसे पद शामिल थे। वह 58 साल की उम्र में सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

कानून में स्नातक और पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातोकोत्तर डिप्लोमा धारक मदन लाल मंटू सेवानिवृत्ति के बाद भी पत्रकारिता से जुड़े रहे। वह जम्मू के एक प्रमुख समाचार पत्र में कार्यकारी संपादक के रूप में काम कर रहे थे।

भाषा राजकुमार माधव

माधव