Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

असम एसटीएफ ने वित्तीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया, छह लोग गिरफ्तार

गुवाहाटी, चार नवंबर (भाषा) असम पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खातों के जरिये राज्य से संचालित एक वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने यह जांच की है और इस नेटवर्क के तार पाकिस्तानी खुफिया अभियानों से जुड़े होने का संदेह है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रणव कुमार पेगू ने बताया कि इस इकाई ने पांच अक्टूबर को इस गिरोह के संबंध में मामला दर्ज किया था।

उन्होंने बताया कि जांच में लगभग 300 ‘म्यूल’ बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। इन सभी खातों में लेन-देन पर रोक लगा दी गई है।

पेगू ने कहा, 'एक महिला के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन का पता चला था, जिसमें पैसा जमा होते ही तुरंत निकाल लिया जाता था। दो अन्य लोग भी इन खातों से जुड़े पाए गए।'

उन्होंने बताया कि इन तीनों संदिग्धों को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद अगले दिन एक और गिरफ्तारी हुई। इसके बाद 30 अक्टूबर को दो और लोगों को पकड़ा गया, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या छह हो गई।

पेगू ने बताया कि एसटीएफ ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य बरामद किए हैं।

उन्होंने कहा कि यह गिरोह पिछले दो सालों से देश के अलग-अलग हिस्सों में धोखाधड़ी का यह नेटवर्क चला रहा था, जबकि इसके मुख्य साजिशकर्ता असम से बाहर से काम कर रहे थे।

'म्यूल' खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी या धोखाधड़ी करने वाले लोग अवैध धन को एक जगह से दूसरी जगह भेजने और उसके स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश