नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा की कक्षा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना उस समय हुई, जब छात्रा अपनी कक्षा अध्यापिका के सामने खड़ी थी और अचानक गिरकर बेहोश हो गई। स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकार्ड हो गई।
पुलिस ने कहा कि सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को लवली पब्लिक स्कूल में छात्रा की मौत के संबंध में सूचना मिली, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार स्कूल के अधिकारी छात्रा को तुरंत पूर्वी दिल्ली के निर्माण विहार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. भावना ने बताया कि छात्रा कक्षा में अपनी शिक्षिका के सामने खड़ी थी, तभी वह अचानक फर्श पर गिर पड़ी।
उन्होंने कहा, 'हम तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। उन्होंने हमें उसे किसी अन्य उच्च स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए कहा। हम उसे दूसरे अस्पताल में ले गए। हमारे स्टाफ सदस्यों ने उसके परिवार के सदस्यों को भी सूचित किया। अस्पताल ने हमें बताया कि लड़की को दिल का दौरा पड़ा था। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।'
दूसरी ओर सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडिया में लड़की के पिता का आरोप है कि समय पर सही इलाज न मिल पाने के कारण उनकी बेटी की मौत हुई है। उन्होंने सवाल किया कि उनके बेटी को स्कूल से इतनी दूर लक्ष्मी नगर के अस्पताल क्यों ले जाया गया जबकि पास में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल या अन्य निजी अस्पताल थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं थीं और दावा किया कि समय पर सीपीआर दिए जाने से उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी। घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि पीटी पीरियड के बाद कक्षा में केवल एक शिक्षिका क्यों मौजूद थी और अन्य सहायक कर्मचारी कहां थे।
पिता ने कहा कि वह जिम ट्रेनर हैं और उनकी बेटी फिट थी व उनके साथ बैडमिंट खेलती थी। परिवार ने छात्रा को पहले कोई बीमारी नहीं होने का दावा भी किया।
पुलिस ने बताया कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि छात्रा के माता-पिता और स्कूल के संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाने हैं और सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में रहती थी और परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। छात्रा माता-पिता की इकलौती संतान थी और उसके पिता मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालक हैं।
छात्रा के परिजनों ने कहा कि स्कूल के शिक्षकों ने परिवार को बताया कि सुबह करीब 8.30 से 9.10 के बीच स्कूल में पीटी पीरियड था और पीरियड खत्म होने पर सभी बच्चे कक्षा में आए। छात्रा भी कक्षा में आकर खड़ी हो गई।
कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नौ साल की लड़की कमरे के अंदर खड़ी दिखाई दे रही है। वह अपनी शिक्षिका के पास जाने की कोशिश करती है, तभी अचानक फर्श पर मुंह के बल गिर पड़ती है और बेहोश हो जाती है।
छात्रा को गिरता देख शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं। इस दौरान कई अन्य छात्र भी लड़की के आसपास जमा हो जाते हैं। वहीं, कुछ बच्चे घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को देने के लिए कक्षा से बाहर भागते दिखाई देते हैं।
सीसीटीवी फुटेज में छात्रा के गिरने के तुरंत बाद के दृश्य दर्ज हुए हैं, जिसमें शिक्षिका और अन्य छात्र उसकी मदद करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि अपराध टीम व एफएसएल टीम ने स्कूल जाकर पड़ताल की है। पुलिस ने स्कूल का सीसीटीवी फुटेज में अपने कब्जे में लिया है। उसके आधार पर पड़ताल की जा रही है।
हालांकि पुलिस ने कहा कि फिलहाल परिवार ने कोई शिकायत नहीं दी है, अगर शिकायत मिलती है तो कानून और तथ्यों के आधार पर उसपर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश