लखनऊ, चार नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उनके स्वरूप में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक अब परीक्षार्थियों को अलग-अलग कवर वाली कॉपियों के बजाय एक समान मुख्य कवर वाली उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी, जिस पर क्यूआर कोड दर्ज होगा।
बयान में कहा गया है कि क्यूआर कोड को स्कैन करने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) का लोगो दिखाई देगा।
बयान के अनुसार नयी व्यवस्था का उद्देश्य उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान, निगरानी और उनके वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।
अधिकारियों ने बताया कि यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की ए और बी उत्तर पुस्तिकाओं के रंग भी अलग-अलग निर्धारित किए हैं।
उन्होंने बताया कि इसके तहत हाईस्कूल की ए कॉपी गहरे नारंगी और बी कॉपी गहरे नीले रंग की होगी।
अधिकारियों के मुताबिक इंटरमीडिएट की ए कॉपी बैंगनी और बी कॉपी हरे रंग की होगी। उन्होंने बताया कि हालांकि, दोनों कक्षाओं की सभी उत्तर पुस्तिकाओं पर एक समान मुख्य कवर और क्यूआर कोड रहेगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी और कॉपियों को 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वाले सुरक्षित कक्ष में रखा जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों के सीरियल नंबर का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा और इससे उनके भंडारण से लेकर परीक्षा केंद्रों तक वितरण की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सकेगी।
यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं पांच से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब