संगरूर, चार नवंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में मादक पदार्थों से प्रभावित कुछ परिवारों से बुधवार को मुलाकात की। इसके साथ ही वे उन लोगों से भी मिले जिनके परिजनों की हत्या कर दी गई।
दोनों नेताओं ने यहाँ पार्टी की ‘इंसाफ रैली’ के दौरान उनसे मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि उन्होंने सुखविंदर सिंह कलकत्ता, गुरमेल सिंह तूत और प्रकाश चंद के परिवारों से मुलाकात की, उनके दुख में शामिल हुए और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
बरनाला के सेहना में मारे गए सुखविंदर सिंह कलकत्ता और तरनतारन के पट्टी में मारे गए कांग्रेस नेता व पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह तूत के परिवारों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कलकत्ता की अक्टूबर 2025 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जबकि तूत की हत्या सितंबर 2025 में हुई थी।
कांग्रेस के दोनों नेताओं ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं को उठाया जाएगा और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बठिंडा के प्रकाश चंद ने अपने बेटे की मादक पदार्थों की लत के कारण परिजनों की परेशानियों के बारे में बताया; जिसने परिवार को भारी आर्थिक तंगी में धकेल दिया है।
परिवार ने अपने बेटे के पुनर्वास, आर्थिक सहायता और अपनी बेटियों की शिक्षा के लिए मदद मांगी।
खरगे और गांधी ने उनकी चिंताओं को सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि मादक पदार्थों से प्रभावित परिवारों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने में कांग्रेस का समर्थन जारी रहेगा।
इससे पहले, रैली के दौरान गांधी ने कई मोर्चों पर ‘आप’ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ को एक बड़ी समस्या बताया, और साथ ही ‘‘खराब होती’’ कानून-व्यवस्था का भी जिक्र किया।
भाषा
नेत्रपाल अविनाश
अविनाश