कोलकाता, चार नवंबर (भाषा) जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से राज्य सचिवालय नबान्न में मुलाकात की।
यहां एक अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच बिजली, ऊर्जा प्रणालियों, बंदरगाह, सीमेंट और इस्पात सहित विभिन्न क्षेत्रों में पश्चिम बंगाल में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।
हालांकि, मई में अधिकारी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद दोनों की पहली मुलाकात के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई।
पश्चिम बंगाल में जेएसडब्ल्यू समूह की अच्छी-खासी मौजूदगी है, जिसका मुख्य केंद्र पश्चिम मेदिनीपुर जिले का सालबोनी है।
समूह ने 2000 के दशक के मध्य में जेएसडब्ल्यू बंगाल स्टील लिमिटेड के माध्यम से सालबोनी में एक करोड़ टन क्षमता का नया इस्पात संयंत्र स्थापित करने के लिए राज्य सरकार के साथ समझौता किया था। हालांकि, यह परियोजना शुरू नहीं हो सकी और इसे रोक दिया गया। बाद में समूह ने इस स्थल पर अन्य कारोबार शुरू किए।
सालबोनी में जेएसडब्ल्यू सीमेंट के 800 करोड़ रुपये के संयंत्र का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था। यह इकाई पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों के ग्राहकों की जरूरतें पूरी करती है। कंपनी ने इसकी क्षमता बढ़ाने की योजना भी बताई है।
भाषा यासिर अजय
अजय