Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

अमेरिका सांसद सुब्रमण्यम ने ‘हमेशा जारी रहने वाले युद्धों’ को खत्म करने का संकल्प जताया

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, चार नवंबर (भाषा) वर्जीनिया से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए फिर से चुने गए भारतीय-अमेरिकी सांसद सुहास सुब्रमण्यम ने 'हमेशा जारी रहने वाले युद्धों' को खत्म करने की मांग करने, लागत कम करने के लिए अनावश्यक शुल्क के खिलाफ लड़ने, और धोखाधड़ी एवं भ्रष्टाचार के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन को जवाबदेह ठहराने का संकल्प जताया है।

मंगलवार को हुए चुनावों में, वर्जीनिया के 10वें संसदीय जिले में सुब्रमण्यम ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डेव बेकविथ को हराया।

सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा, “संसद में अपने समुदाय की सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मैं इस बात से बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि वर्जीनिया के मतदाताओं ने मुझ पर भरोसा जताया है, ताकि मैं ऐसे समय में उनकी सेवा करना जारी रख सकूं जब हमारा समुदाय और देश एक अहम मोड़ पर खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि उनकी जीत हर उस व्यक्ति की है जिसने अपनी आवाज उठाई और वाशिंगटन में बदलाव की मांग की।

सुब्रमण्यम ने कहा, “हमारे समुदाय पर भी देश के अन्य समुदायों की तरह ही भारी मार पड़ी है। बढ़ती लागत, सरकारी कर्मचारियों की छंटनी और स्वास्थ्य सेवा तथा खाद्य सहायता में कटौती की जा रही है, ताकि अनावश्यक विदेशी युद्धों और सबसे अमीर कॉरपोरेशनों को कर में छूट देने के लिए धन जुटाया जा सके।”

अपने निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को हल करने का संकल्प लेते हुए उन्होंने कहा कि वह संघीय कर्मचारियों और ठेकेदारों के पक्ष में खड़े होंगे, स्वास्थ्य सेवा और खाद्य सहायता में की गई कटौती को वापस लेंगे और “हमेशा जारी रहने वाले युद्धों” को समाप्त करने की मांग करेंगे।

सांसद ने कहा, “हम एआई और डेटा सेंटरों पर भी नियम-कायदे लागू करेंगे, अनावश्यक शुल्कों को हटाकर लागत कम करेंगे और धोखाधड़ी तथा भ्रष्टाचार के लिए इस प्रशासन को जवाबदेह ठहराएंगे।”

उन्होंने वाशिंगटन में बदलाव लाने के लिए समुदाय के साथ मिलकर काम करने का भी संकल्प लिया।

सुब्रमण्यम उन कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में से एक हैं, जिन्होंने अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में जीत हासिल की। ​​मंगलवार को संपन्न हुए इन चुनावों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को एक बड़ा झटका दिया है।

भाषा प्रशांत सिम्मी

सिम्मी