वडोदरा, चार नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफिला 31 अक्टूबर को जिस सड़क से गुजरा था, उसके एक हिस्से में 14 स्ट्रीट लाइट खराब होने के मामले में लापरवाही को लेकर डभोई नगरपालिका के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 30 और 31 अक्टूबर को पड़ोसी नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ गए थे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हिस्सा लिया था।
डभोई नगरपालिका के मुख्य अधिकारी विराज शाह ने प्रकाश विभाग के प्रभारी महेश वसावा को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया।
निलंबन आदेश के अनुसार, नंदोडी भागोल इलाके में दो और शिनोर चौराहे तथा सरिता पुल के पास 12 स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही थीं और काफिले के गुजरने के दौरान कुछ अन्य लाइट टिमटिमा रही थीं।
अधिकारियों ने बताया कि यह लापरवाही 31 अक्टूबर की शाम सामने आई, जब प्रधानमंत्री का काफिला एकता नगर से वडोदरा लौट रहा था।
वडोदरा को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से जोड़ने वाला राजमार्ग डभोई के बाहरी हिस्से से गुजरता है और शहर की कई प्रमुख सड़कें इससे जुड़ती हैं।
निलंबन आदेश में कहा गया कि कार्यालय की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद लाइट की मरम्मत का काम पूरा नहीं किया गया। इसमें वसावा को छह नवंबर को सुनवाई के लिए उपस्थित होने और अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया गया है।
विराज शाह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘वसावा को उनके लापरवाह रवैये के कारण निलंबित किया गया है।’’
आदेश में संबंधित अधिकारी के खिलाफ बार-बार मिली शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश