Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

सीजेआई सूर्यकांत ने नए न्यायाधीशों की उनके परिश्रम के लिए सराहना की

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय के नवनियुक्त न्यायाधीशों, न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को पदोन्नत करने के कॉलेजियम के फैसले को सही ठहराया और कहा कि उनके कड़े परिश्रम एवं योग्यता ने निर्णय लेने की प्रक्रिया में निर्णायक भूमिका निभाई।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि उच्चतम न्यायालय की ताकत केवल उसके द्वारा प्रयोग किए जाने वाले संवैधानिक अधिकार में नहीं है, बल्कि उस विश्वास में है जो वह लोगों के बीच जगाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह विश्वास फैसलों की गुणवत्ता से और समान रूप से प्रक्रिया की निष्पक्षता, मुकदमेबाजों के साथ किए जाने वाले सम्मानजनक व्यवहार एवं इस आश्वासन से बनता है कि अदालत का दरवाजा खटखटाने वाले हर व्यक्ति को बिना किसी पूर्वाग्रह या पक्षपात के सुना जाएगा। इस विश्वास को बनाए रखना एक निरंतर संस्थागत जिम्मेदारी है, जो न्यायिक वितरण प्रणाली का हिस्सा बनने वाले हर व्यक्ति से प्रतिबद्धता की मांग करती है।’’

हाल में उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत किए गए नए न्यायाधीशों के लिए उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन (एससीबीए) द्वारा आयोजित एक अभिनंदन समारोह में सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि विभिन्न उच्च न्यायालयों में विभिन्न क्षमताओं में न्यायपालिका की सेवा करने वाले दोनों न्यायाधीशों का अनुभव अत्यधिक मूल्यवान होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम के सदस्यों को चुनते समय कई वस्तुनिष्ठ कारकों को ध्यान में रखा जाता है, लेकिन एक कारक, जिसे कम से कम मैंने हमेशा ध्यान में रखा है, वह यह है कि आप एक टीम के सदस्य के रूप में कैसा प्रदर्शन करते हैं क्योंकि उच्चतम न्यायालय अब वस्तुतः एक टी-20 मैच खेल रहा है।’’

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैं बहुत खुशी के साथ कह सकता हूं कि उच्च न्यायालयों के इन दो उत्कृष्ट मुख्य न्यायाधीशों का चयन करते समय, जो दोनों इस समय पीठ की शोभा बढ़ा रहे हैं, इन कारकों को ध्यान में रखा गया था। मुझे पूरा विश्वास है कि मेरी बहन एवं मेरे भाई दोनों अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपनी योग्यता साबित करेंगे और दिखाएंगे कि उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम उन्हें चुनने के अपने फैसले में कितना सही था।’’

भाषा वैभव सिम्मी

सिम्मी