नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हुडको का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत बढ़कर 911 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य आय में सुधार से कंपनी का लाभ बढ़ा है।
हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 710 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 4,051 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 3,251 करोड़ रुपये थी।
कंपनी की ब्याज आय भी आलोच्य तिमाही में बढ़कर 4,023 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3,197 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, इस दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़कर 2,929 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,296 करोड़ रुपये था।
इस बीच, हुडको के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 1.35 रुपये का दूसरा अंतरिम लाभांश देने की सिफारिश की है।
कंपनी ने कहा कि अंतरिम लाभांश के भुगतान की प्रक्रिया इसकी घोषणा के 30 दिन के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
हुडको आवास और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में एक प्रमुख प्रौद्योगिकी एवं वित्तपोषण उपक्रम है।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम
प्रेम