गुवाहाटी, चार नवंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को पूछा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सड़कों पर बहस क्यों करना चाहते हैं, संसद में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की चर्चाओं के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों का सदन ही उचित मंच है।
शर्मा ने राहुल के दिवाली शुभकामना वीडियो में प्रधानमंत्री के लिए लाल गुलाब की पेशकश की आलोचना की और कहा कि यह फूल वेलेन्टाइन्स डे से जुड़ा है, त्योहारों से नहीं।
असम कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि शर्मा केंद्र में कांग्रेस सरकार की संभावना को लेकर चिंतित हैं क्योंकि ऐसा होने से उनके कथित अपराधों और भ्रष्टाचार का खुलासा हो जाएगा।
मोदी को विदेश नीति जैसे मुद्दों पर सार्वजनिक बहस की चुनौती देने वाला राहुल का एक वीडियो सामने आने के एक दिन बाद इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला और पूछा कि कांग्रेस नेता इस तरह की बहस संसद के बाहर क्यों करना चाहते हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘कम से कम इतना जानते हैं कि आप नेता प्रतिपक्ष हैं? अगर आप यह बात मानते हैं तो क्या आप प्रधानमंत्री के साथ सड़कों पर बहस करेंगे या संसद में।’’
सड़कों पर बहस की राहुल की चुनौती पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, ‘‘यह बांग्लादेश या नेपाल नहीं है।’’
भाषा वैभव माधव
माधव