नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वात मुखोपाध्याय द्वारा पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी के विरुद्ध कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणियां किये जाने को लेकर लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इस संबंध में हस्तक्षेप की मांग की है।
आजाद ने अपने पत्र में मुखोपाध्याय के एक भाषण का हवाला दिया, जिसमें मंत्री ने कथित तौर पर कहा था, ‘‘उनी एखोनो बेंचे आछेन’’ (वह अब भी जीवित हैं)। मंत्री ने बनर्जी के ‘‘जीवित रहने’’ पर संदेह भी जताया था।
आजाद ने पत्र में कहा है, ‘‘किसी को जान की धमकी देना लोकतंत्र के सभी नियमों और संविधान के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।’’
उन्होंने कहा कि ये टिप्पणियां विशेष रूप से गंभीर हैं, क्योंकि ये एक ऐसे मौजूदा मंत्री की ओर से आईं, जो कार्यकारी पद पर हैं।
आजाद ने लोकसभाध्यक्ष से अपील की कि वह इन टिप्पणियों का संज्ञान लें, पश्चिम बंगाल सरकार से औपचारिक स्पष्टीकरण मांगें और केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से कहें कि वे बनर्जी के लिए खतरे की आशंका की तत्काल समीक्षा करें और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
उन्होंने बनर्जी से जुड़ी दो पुरानी घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस साल मई में सोनारपुर में भीड़ द्वारा बनर्जी पर हमला किया गया तथा 19 जून को कोलकाता हवाई अड्डे पर पार्टी समर्थकों ने हथियार लिये हुए एक व्यक्ति को पकड़ा।
तृणमूल सांसद ने कहा, ‘‘मैं आपसे किसी सदस्य को आलोचना से बचाने के लिए नहीं कह रहा हूं। मैं यह कह रहा हूं कि एक मंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने संसद सदस्य के जीवन के बारे में इस तरह की बातें क्यों कहीं।’’
उन्होंने कहा कि सदन के किसी सदस्य की सुरक्षा राजनीतिक खींचतान के दायरे से बाहर होनी चाहिए।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश