Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

फ्लाईएडील ने लखनऊ-जेद्दा के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू की

लखनऊ, चार नवंबर (भाषा) सऊदी अरब की विमानन कंपनी 'फ्लाईएडील' ने बुधवार को लखनऊ से जेद्दा के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की। कंपनी इस सप्ताह लखनऊ और मदीना के बीच भी सीधी उड़ानें शुरू करेगी।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इन सेवाओं के शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश की सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों- जेद्दा, मदीना और दम्माम से सीधी हवाई सेवा उपलब्ध होगी।

हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जेद्दा-लखनऊ-जेद्दा उड़ान सेवा बुधवार से शुरू हो गई है, जबकि लखनऊ और मदीना के बीच सीधी उड़ानें इस सप्ताह शुरू की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक कार्यक्रम के मुताबिक जेद्दा के लिए उड़ानें सोमवार, बुधवार और रविवार को संचालित होंगी। वहीं, मदीना के लिए बृहस्पतिवार और शनिवार को उड़ानें उपलब्ध रहेंगी जबकि लखनऊ और दम्माम के बीच कंपनी की मौजूदा उड़ान मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होती है।

अधिकारियों के मुताबिक इन सेवाओं के विस्तार से कारोबार और पर्यटन के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों, सऊदी अरब में रह रहे भारतीय प्रवासियों तथा धार्मिक यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सीधी हवाई कनेक्टिविटी से भारत और सऊदी अरब के बीच पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे से फिलहाल छह अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों के जरिए मध्य पूर्व के नौ अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों मस्कत, अबू ज़हबी, दुबई, दम्माम, शारजाह, जेद्दा, रास अल खैमाह, रियाज़ और मदीना के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि इसी महीने थाई एयरएशिया की लखनऊ-बैंकॉक सीधी उड़ान सेवा भी शुरू होने वाली है और इसके शुरू होने के बाद हवाई अड्डे के अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा किया जाता है।

भाषा किशोर सलीम जोहेब

जोहेब