नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) दिल्ली की सड़कों पर बुधवार को वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, बाजारों की सड़कें जाम रहीं और वाहन चालक संकरे रास्तों पर रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए। त्योहार के मद्देनजर खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, यातायात जाम एवं क्रमिक प्रतिक्रिया कार्ययोजना (ग्रैप) के तहत लागू पाबंदियों ने शहर में यातायात की परेशानी और बढ़ा दी।
सदर बाजार और करोल बाग के संकरे और भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर मध्य दिल्ली के व्यस्त चौराहों तक, लोगों ने लंबे जाम एवं अतिक्रमण की शिकायत की है।
अतिक्रमण के कारण पदयात्रियों के लिए बहुत कम जगह थी। कई लोगों ने यह भी कहा है कि जाम वाले मुख्य स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मी पर्याप्त संख्या में नहीं थे।
सदर बाजार में, कुतुब रोड चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी जाम की सूचना मिली। यहां फुटपाथ के किनारे दोपहिया और अन्य वाहन अवैध रूप से खड़े थे, जिससे पदयात्रियों के लिए जगह ही नहीं बची थी।
लोगों ने यह भी बताया कि अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने और अतिक्रमण साफ करने के लिए वहां क्रेन मौजूद नहीं थी।
अजमल खान रोड पर भी कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला। यहां आने-जाने वालों ने शिकायत की कि वाहन कहीं भी बेतरतीब ढंग से खड़े कर दिये गये थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रोज़ाना होने वाली इस समस्या के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दीवाली से पहले खरीददारी के लिए प्रमुख बाजारों की ओर जा रही भीड़ के कारण पहले से ही जाम से बेहल सड़कों पर दबाव और बढ़ गया। लोगों ने बताया कि कई व्यस्त चौराहों पर यातायात बहुत धीमा था और गाड़ियों की लंबी कतारें लगी थीं।
मध्य और उत्तर दिल्ली के कई इलाकों में भी भारी जाम देखने को मिला। इंद्रलोक में तो लोगों ने बताया कि ‘ट्रैफिक सिग्नल’ पर गाड़ियां करीब आधे घंटे तक लगभग एक ही जगह खड़ी रहीं। तीन मूर्ति मार्ग और कुशक रोड पर भी वाहन चालकों को करीब 20 मिनट तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जबकि धौला कुआं की तरफ जाने वाले रास्ते पर 11 मूर्ति के पास भी भारी जाम की सूचना मिली।
ताल कटोरा रोड से शंकर रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी जाम की खबर है, जहां लोग यातायात पुलिस से मदद की गुहार लगाते नजर आये। ब्लाइंड स्कूल के आस-पास के इलाके से भी ऐसी ही शिकायतें आईं, जहां दिवाली मेला चल रहा था। लोगों ने बताया कि यातायात की रफ्तार बहुत धीमी हो गई है और आस-पास की सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं।
कालकाजी के पास मोदी मिल में, वाहन चालकों ने बताया कि 200 से ज़्यादा गाड़ियां 30 मिनट से ज़्यादा समय तक जाम में फंसी रहीं। उनका कहना है कि यहां जाम लगना रोज़ की बात हो गई है, ख़ासकर व्यस्त समय के दौरान। द्वारका और ईस्ट ऑफ़ कैलाश में भी यातयात जाम की खबरें हैं।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश