Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

ईडी ने अमेरिकी नागरिकों के साथ धोखाधड़ी में संलिप्त कॉल सेंटर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने अमेरिकी नागरिकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले कॉल सेंटर मामले से जुड़े धन शोधन प्रकरण की जांच के सिलसिले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया है।

ईडी ने एक बयान में कहा कि कथित ठग लोगों से उनके खातों में धोखाधड़ी से की गई खरीदारी या लगाए गए शुल्क के बहाने संपर्क करते थे।

संघीय जांच एजेंसी के अनुसार, इसके बाद फोन करने वाले लोग खुद को अमेरिकी प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी बताकर पीड़ितों को डराते-धमकाते थे। इसके लिए वे फर्जी पहचान पत्रों, बैज, आधिकारिक पत्रों और अदालती दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे।

ईडी ने कहा कि जालसाज पीड़ितों को अलग-अलग माध्यम से पैसा भेजने के लिए मजबूर करते थे।

उसके अनुसार, इस तरह जुटाई गई रकम को क्रिप्टोकरेंसी और हवाला के जरिये भारतीय मुद्रा में बदला जाता था, फिर इसे दुबई और अन्य देशों के खातों के माध्यम से भेजा जाता था।

एजेंसी ने कहा कि हरशिल नयनभाई रावल, जसवंत सिंह, चेतन मुंजाल और प्रणव पिठाडिया को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

एजेंसी ने चारों को हैदराबाद के नामपल्ली स्थित धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस मामले में इस साल की शुरुआत में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

भाषा शफीक माधव

माधव