मोहाली, चार नवंबर (भाषा) भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को यहां सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त देकर रिकॉर्ड सातवीं बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया।
भारत की ओर से शिलानंद लाकड़ा (चौथे और 13वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (21वें और 25वें मिनट) ने दो दो गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने नौवें मिनट में, सुखजीत सिंह ने 21वें मिनट में, अंगद बीर सिंह ने 36वें मिनट में और विवेक सागर प्रसाद ने 54वें मिनट में गोल कर भारत की जीत को शानदार बनाया।
दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल सांगजुन हान ने नौवें मिनट में किया।
भारत का सामना बृहस्पतिवार को फाइनल में जापान से होगा। जापान ने दिन के पहले सेमीफाइनल में निर्धारित समय तक मलेशिया के खिलाफ गोलरहित बराबरी रहने के बाद शूटआउट में जीत दर्ज की।
भारत ने राउंड रॉबिन चरण में भी दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराया था।
मेजबान भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। छह टीम के बीच खेले गए राउंड रॉबिन मुकाबलों में भारत ने अपने सभी पांच मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था।
भाषा नमिता
नमिता