नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) घरेलू आयुर्वेदिक उत्पाद एवं रोजमर्रा के उपभोग का सामान (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड ने बुधवार को नेतृत्व में बदलाव की घोषणा की। कंपनी के वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और पूर्णकालिक निदेशक मोहित मल्होत्रा ने करीब तीन दशक तक कंपनी में काम करने के बाद निजी कारणों से इस्तीफा दे दिया है।
मल्होत्रा तीन दशक से अधिक समय पहले प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में डाबर से जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने डाबर को 250 करोड़ रुपये की कंपनी से 13,000 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व वाली बहुराष्ट्रीय एफएमसीजी कंपनी के रूप में विकसित होते देखा। डाबर की मौजूदगी अब 100 देशों में है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी नियामकीय सूचना में बताया कि मल्होत्रा का इस्तीफा 13 नवंबर, 2026 से प्रभावी होगा।
डाबर इंडिया ने अपने भारतीय कारोबार के मौजूदा सीईओ हरजीत सिंह भल्ला को 14 नवंबर, 2026 से पांच साल के लिए अतिरिक्त निदेशक और पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति नियामकीय मंजूरी के अधीन होगी।
कंपनी ने कहा कि भल्ला भारत में कारोबार की वृद्धि की रणनीति का नेतृत्व करते रहेंगे और इस प्रमुख बाजार में कंपनी की रणनीतिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगे।
वहीं, मौजूदा पूर्णकालिक निदेशक पी डी नारंग डाबर समूह के विभिन्न कारोबार को रणनीतिक मार्गदर्शन देते रहेंगे। इसमें कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार की निगरानी भी शामिल होगी।
निदेशक मंडल में एक अन्य बदलाव के तहत गोपाल कृष्ण जैन को 31 दिसंबर, 2026 से लगातार दो साल के लिए गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी।
इसके अलावा, स्वतंत्र निदेशक रोमेश सोबती को एक जनवरी, 2027 से प्रमुख स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। वह मुकेश हरि बुटानी की जगह लेंगे, जिनका इस पद पर कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो रहा है।
कंपनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष (वित्त), समूह कंपनी सचिव और मुख्य अनुपालन अधिकारी अशोक कुमार जैन 30 नवंबर, 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।
डाबर के मौजूदा मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) अंकुश जैन एक दिसंबर से मुख्य अनुपालन अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
कंपनी ने कहा कि निदेशकों की नियुक्तियों के लिए शेयरधारकों की आवश्यक मंजूरी डाक मतपत्र के जरिये ली जाएगी। इस प्रक्रिया और इसकी समयसीमा से जुड़ी जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय