वाराणसी (उप्र), चार नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं लेकिन विपक्ष को देश की प्रगति और विकास हजम नहीं हो रहा।
वाराणसी में सनातन धर्म से जुड़े कार्यक्रम 'सांस्कृतिक संसद' में शामिल होने पहुंचे शिंदे ने कहा कि वह संतों-महंतों से मिलने और उनका आशीर्वाद लेने आए हैं।
उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं है, लेकिन वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और विपक्ष की राजनीति पर अपनी बात रखना चाहते हैं।
शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश की 140 करोड़ जनता और संतों-महंतों का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता विपक्ष को तीन बार खारिज कर चुकी है और वह सत्ता के बिना परेशान है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के विकास में जुटे हैं, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने उच्चतम न्यायालय और निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन संस्थाओं का गठन संविधान के तहत हुआ है और उच्चतम न्यायालय के खिलाफ मार्च निकालना देश तथा न्याय व्यवस्था का अपमान है।
शिंदे ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश को तोड़ने की कोशिश कर रहा है, जबकि मोदी देश को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब