Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

ट्राई का 'नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म' शुरू, ग्राहक कंपनियों के इंटरनेट नेटवर्क की कर सकेंगे तुलना

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) मोबाइल कनेक्शन लेने या दूरसंचार कंपनी बदलने से पहले अब उपभोक्ता अपने इलाके में अलग-अलग कंपनियों के इंटरनेट नेटवर्क की स्थिति की तुलना कर सकेंगे। इसके लिए दूरसंचार नियामक ट्राई ने बुधवार को ‘नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म’ शुरू किया। इस पर मोबाइल इंटरनेट की डाउनलोड और अपलोड की गति के परीक्षण नतीजे उपलब्ध होंगे।

इस प्लेटफॉर्म के जरिये उपभोक्ता अपने घर, दफ्तर या किसी अन्य स्थान पर अलग-अलग कंपनियों के नेटवर्क का प्रदर्शन देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें अन्य उपयोगकर्ताओं के परीक्षण नतीजों के साथ ट्राई के स्वतंत्र परीक्षणों की जानकारी भी मिलेगी। नतीजों को सेवा प्रदाता और प्रौद्योगिकी के आधार पर भी देखा जा सकेगा। उपभोक्ता नक्शे पर अलग-अलग स्थानों के नेटवर्क की स्थिति की तुलना कर सकते हैं।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि इस मंच से उपभोक्ताओं को अलग-अलग सेवा प्रदाताओं के नेटवर्क अनुभव की तुलना करने और सोच-समझकर कंपनी चुनने में मदद मिलेगी। उपभोक्ताओं के परीक्षणों का डेटा ट्राई के ‘माईस्पीड’ और ‘माईकॉल’ ऐप से लिया गया है।

लाहोटी ने कहा कि प्रत्येक सेवा प्रदाता के लिए पिछले पांच परीक्षणों के आधार पर एक एकीकृत आंकड़ा दिया जाएगा। इसमें कम-से-कम एक स्वतंत्र परीक्षण और चार उपभोक्ता परीक्षण शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के परीक्षणों से ट्राई को नेटवर्क गुणवत्ता का आकलन करने के लिए एक अतिरिक्त स्रोत मिलेगा। इससे नियामक कंपनियों के साथ नेटवर्क संबंधी समस्याओं वाले क्षेत्रों पर अधिक वस्तुनिष्ठ तरीके से चर्चा कर सकेगा।

हालांकि, ट्राई ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के परीक्षणों पर आधारित आंकड़े मानक पद्धति से किए गए नेटवर्क गुणवत्ता के व्यापक आकलन का विकल्प नहीं हैं। ये अलग-अलग स्थानों पर अन्य उपभोक्ताओं के नेटवर्क अनुभव की जानकारी देते हैं।

दूरसंचार कंपनियों के लिए इस मंच पर अलग सुरक्षित लॉग-इन सुविधा है। इसके जरिये वे कॉल की गुणवत्ता, नेटवर्क कवरेज और इंटरनेट परीक्षणों से जुड़े गुमनाम आंकड़े देख सकेंगी और नेटवर्क में सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान कर सकेंगी।

ट्राई ने इसी पोर्टल पर ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (डीएनडी) सेवाओं के लिए वेब सुविधा भी शुरू की है। यह सुविधा अब तक केवल मोबाइल ऐप पर उपलब्ध थी। इसके जरिये उपभोक्ता व्यावसायिक संदेशों और कॉल के लिए अपनी प्राथमिकताएं तय करने के साथ अवांछित संदेशों और कॉल के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उनकी स्थिति देख सकेंगे।

लाहोटी ने कहा कि उपभोक्ताओं और सेवा प्रदाताओं से मिलने वाली प्रतिक्रियाओं के आधार पर प्लेटफॉर्म में लगातार सुधार किया जाएगा। ट्राई ने उपभोक्ताओं से ‘माईस्पीड’ और ‘माईकॉल’ ऐप के जरिये नियमित रूप से परीक्षण करने की अपील की है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय