नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में वकीलों और दिल्ली पुलिस के कर्मियों के बीच टकराव के बाद स्थानांतरित किए गए शाहदरा थाने के तत्कालीन प्रभारी (एसएचओ) अरुण कुमार को अब इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) शाखा में तैनात किया गया है। उन्हें पहले सुरक्षा इकाई में भेजा गया था।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी स्थानांतरण और तैनाती आदेश में कहा गया है कि निरीक्षक कुमार को तत्काल प्रभाव से सुरक्षा इकाई से आईएफएसओ में स्थानांतरित कर दिया गया है।
आईएफएसओ दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध इकाई है।
एक वकील पर कथित हमले के बाद 28 अक्टूबर को कुमार का शाहदरा थाने के एसएचओ के पद से तबादला कर दिया गया था। उनके साथ गांधीनगर उपमंडल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मनस्वी वशिष्ठ को भी स्थानांतरित किया गया था।
इन तबादलों के विरोध में दो नवंबर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर लगभग 150 पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शन किया और दोनों अधिकारियों की पुराने पदों पर बहाली की मांग की।
प्रदर्शनकारी कर्मियों ने टकराव में शामिल वकीलों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की और पुलिस कर्मियों के खिलाफ हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
गृह मंत्रालय ने दो नवंबर को 2019 बैच के दानिप्स अधिकारी वशिष्ठ को यह कहते हुए निलंबित कर दिया कि उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही पर विचार किया जा रहा है।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव