Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

सम्राट चौधरी के 'क्राइम और अपराध' वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने ली चुटकी

पटना, चार नवंबर (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'क्राइम और अपराध' संबंधी हालिया बयान पर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि जब सातवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण व्यक्ति को नेता बना दिया जाता है तो इस तरह के बयान की उम्मीद की जा सकती है।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर ने बेगूसराय में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हर पांच से दस दिन में अपने बयानों पर लोगों को हंसने का मौका देते हैं।

किशोर ने कहा, ''जब सातवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण व्यक्ति को नेता बना दिया जाता है तो इस तरह के बयान की उम्मीद की जा सकती है। मुख्यमंत्री हर पांच से दस दिन में लोगों को हंसने का मौका देते हैं।''

गौरतलब है कि चौधरी ने हाल ही में नयी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में दावा किया था कि बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, लेकिन 'अपराध' नहीं है।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा था, ''हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं, कोई अपराधी नहीं है।''

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के संबंध में पूछे जाने पर किशोर ने कहा कि असंवैधानिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के कारण दोनों की विधान परिषद सदस्यता रद्द की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार भी उन्हें बचा नहीं पाएगी।

मधुबनी की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए किशोर ने कहा कि जन सुराज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

मधुबनी में बिहार पुलिस के एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलाकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए थे।

उन्होंने बताया कि जन सुराज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की है।

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल से मिली जानकारी और घटना के तथ्यों के आधार पर पार्टी विस्तृत कार्रवाई करेगी।

भाषा कैलाश

जोहेब

जोहेब