Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

ओडिशा: कोटिया में तनाव को लेकर नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री माझी को पत्र लिखा

भुवनेश्वर, चार नवंबर (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर विवादित कोटिया क्षेत्र में पंचायत चुनाव कराने के पड़ोसी राज्य के कदम को लेकर बढ़ते तनाव के मुद्दे को केंद्र और आंध्र प्रदेश सरकार के सामने उठाने का आग्रह किया।

पटनायक का यह पत्र ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के बीच अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित गांवों में हुई तनातनी के कारण उपजे तनाव के एक दिन बाद आया है।

ताजा विवाद तब उत्पन्न हुआ जब आंध्र प्रदेश सरकार ने ओडिशा के अधिकार क्षेत्र वाले कुछ गांवों में पांच नवंबर को प्रस्तावित पंचायत चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू की।

चुनावों से पहले, ओडिशा सरकार ने कोटिया क्षेत्र में शांति बनाए रखने और पड़ोसी राज्य के अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों द्वारा अनधिकृत प्रवेश व चुनावी गतिविधियों को रोकने के लिए सीमा पर तीन जांच चौकियां स्थापित की हैं।

पटनायक ने 19 अक्टूबर को भी इस मुद्दे पर माझी को पत्र लिखा था, अपने ताजा पत्र में उन्होंने कहा, 'मेरी जानकारी के अनुसार जमीनी स्थिति और बिगड़ गई है, जहां ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के बीच तनाव और टकराव की खबरें आ रही हैं। यह विशेष रूप से चिंताजनक है कि ओडिशा के लिए इसके गंभीर परिणामों के बावजूद आंध्र प्रदेश कल कोटिया में चुनाव कराने जा रहा है।'

उन्होंने कहा, 'मौजूदा तनाव और आसन्न चुनावों को देखते हुए, मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप इस मामले को केंद्र सरकार और आंध्र प्रदेश सरकार के समक्ष उच्चतम स्तर पर उठाएं।'

पूर्व मुख्यमंत्री ने ध्यान दिलाया कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश दोनों राज्यों में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के 2024 के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार ओडिशा की प्रादेशिक अखंडता की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

पटनायक ने पत्र में कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में यह आपकी (माझी की) नैतिक जिम्मेदारी है कि राज्य के जायज हितों की मजबूती से रक्षा की जाए और जमीनी स्थिति को और बिगड़ने न दिया जाए।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश