नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) चश्मा बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड का 30 सितंबर, 2026 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा दोगुना से अधिक होकर 232.45 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 113 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
बीएसई को दी गई सूचना के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कर पश्चात मुनाफा (पीएटी) मार्जिन 2.92 प्रतिशत अंक बढ़कर 8.2 प्रतिशत हो गया।
हालांकि, सितंबर 2026 तिमाही में भारत में लेंसकार्ट का उत्पाद मार्जिन एक साल पहले के 64 प्रतिशत से घटकर 63.4 प्रतिशत रह गया।
कंपनी का परिचालन राजस्व 35.72 प्रतिशत बढ़कर 2,845.03 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,096.14 करोड़ रुपये था।
कंपनी के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीयूष बंसल ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि पिछले 12 महीनों में कंपनी का राजस्व 10,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जबकि कर पश्चात मुनाफा करीब 800 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने कहा, ‘‘भारत में औसत बिक्री मूल्य (एएसपी) सालाना आधार पर 6.9 प्रतिशत बढ़कर 1,950 रुपये हो गया। इसकी वजह अधिक ग्राहकों का ओनडेज, रॉडेनस्टॉक और टोकाई जैसे प्रीमियम लेंस चुनना और प्रोग्रेसिव लेंस की बिक्री में बढ़ोतरी रही।’’
इस दौरान लेंसकार्ट ने 165 नए स्टोर खोले, जिससे उसके कुल सक्रिय स्टोर की संख्या बढ़कर 3,624 हो गई।
भारत में कंपनी ने 143 नए स्टोर खोले और 61 नए शहरों में अपना कारोबार शुरू किया।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय