Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

प्रदूषण कम करना भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती : नितिन गडकरी

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि देश में प्रदूषण कम करना भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती होगी।

‘ईवी इकोसिस्टम अवॉर्ड्स’ कार्यक्रम और स्विगी इंस्टामार्ट के ईवी बैटरी अदला-बदली नेटवर्क की शुरुआत के मौके पर गडकरी ने कहा कि भारत इलेक्ट्रिक वाहन के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि जीवाश्म ईंधन से चलने वाले वाहन की तुलना में ईवी का परिचालन खर्च कम है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदूषण एक बड़ी समस्या है। आपको पता है कि आज दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कितना अधिक है... भविष्य में देश में प्रदूषण कम करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।”

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 379 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।

गडकरी ने कहा कि 22 लाख करोड़ रुपये के आयात बिल को कम करने और प्रदूषण घटाने के लिए जीवाश्म ईंधन का आयात कम करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की जरूरत है।

मंत्री ने कहा, “रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा है।”

उन्होंने बताया कि सरकारी स्वामित्व वाले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अगले दो वर्षों में 700 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने दावा किया कि अगले साल तक बिकने वाली कम से कम 35 से 40 प्रतिशत कारें इलेक्ट्रिक होंगी।

गडकरी ने कहा, “जब मैंने परिवहन मंत्री का पद संभाला था, तब भारतीय वाहन उद्योग का आकार 14 लाख करोड़ रुपये था। अब यह 22 लाख करोड़ रुपये का हो गया है... हम सभी का लक्ष्य इस उद्योग को दुनिया में पहले स्थान पर पहुंचाना है।”

गडकरी ने बताया कि फिलहाल अमेरिका का वाहन उद्योग 78 लाख करोड़ रुपये का है, जबकि चीन का 47 लाख करोड़ रुपये और भारत का 22 लाख करोड़ रुपये का है।

गडकरी ने कहा कि टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन 26 नवंबर को इनोवा का फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल पेश करेगी, जो ई100 (लगभग शुद्ध एथनॉल) से चल सकेगा।

भाषा यासिर अजय

अजय