Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

हर सीरीज के साथ कप्तान के रूप में निखर रहे हैं, रहाणे ने गिल की तारीफ करते हुए कहा

मुंबई, चार नवंबर (भाषा) शुभमन गिल का बल्लेबाजी में बेखौफ अंदाज और कप्तानी में उनकी बढ़ती समझदारी से पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे काफी प्रभावित हैं और उनका मानना है कि वह अनुभव के साथ लगातार निखर रहे हैं और हर नयी सीरीज में बतौर कप्तान पहले से बेहतर नजर आ रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट में बदलाव के दौर के तहत कम उम्र में ही नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले गिल ने कप्तानी के साथ अपनी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन भी जारी रखा है। अतिरिक्त जिम्मेदारी का उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है। इतना ही नहीं, वह वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान पर पहुंच चुके हैं।

रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘बल्लेबाजी के लिहाज से शुभमन का प्रदर्शन शानदार रहा है। उनके रिकॉर्ड खुद उनकी कहानी बयां करते हैं। उनकी बल्लेबाजी में मुझे सबसे अच्छी बात उनका आत्मविश्वास लगता है। ’’

रहाणे के मुताबिक मैदान पर गिल का व्यवहार, उनका रवैया और खेल के प्रति उनका सकारात्मक नजरिया इस आत्मविश्वास को साफ तौर पर दर्शाता है।

अड़तीस वर्षीय रहाणे ने माना कि किसी भी बल्लेबाज की फॉर्म में उतार-चढ़ाव आ सकता है, लेकिन गिल के हालिया प्रदर्शन ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस अंदाज में वह मैदान पर उतरते हैं, उनका रवैया और खेलने का इरादा काफी मायने रखता है। फॉर्म में उतार-चढ़ाव आता रहता है। आप एक दिन रन बनाते हैं और हो सकता है कि अगले दिन ऐसा नहीं कर पाएं। लेकिन शुभमन के अंदर निश्चित रूप से वह आत्मविश्वास है और हाल के दिनों में वह लगातार रन भी बना रहे हैं। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर