कोलकाता, चार नवंबर (भाषा) तनय सांघवी और प्रदीप दाधे ने बंगाल को दोहरा झटका देते हुए पहले आखिरी विकेट के लिए 60 रन की अहम साझेदारी की और फिर गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया जिससे महाराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले के तीसरे दिन बुधवार को बंगाल की टीम दूसरी पारी में चार विकेट पर 76 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।
बंगाल को सिर्फ एक रन की बढ़त हासिल है।
सत्र के अपने शुरुआती तीनों मैच जीतने वाली बंगाल की टीम एक बार फिर खराब बल्लेबाजी के कारण मुश्किल में है।
बारिश के कारण दिन का खेल प्रभावित रहा और केवल 27.5 ओवर ही फेंके जा सके।
लगातार चौथी जीत दर्ज करने की बंगाल की उम्मीदों को दूसरी पारी में शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने से बड़ा झटका लगा।
कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन नौ रन बनाकर दाधे का शिकार बने। इसके बाद सांघवी ने तीन गेंद के भीतर दो विकेट चटकाते हुए सुदीप कुमार घरामी (12) और सुदीप चटर्जी (शून्य) को पवेलियन भेज दिया।
अंकुर पॉल (32) और विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (नाबाद 23) ने चौथे विकेट के लिए 49 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की।
हालांकि दिन के अंतिम चरण में हितेश वालुंज ने पॉल को आउट कर बंगाल की मुश्किलें बढ़ा दीं।
खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी समाप्त होने के समय पोरेल और सूरज जायसवाल (नाबाद शून्य) क्रीज पर मौजूद थे।
इससे पहले महाराष्ट्र ने दिन की शुरुआत के अपने स्कोर में 3.5 ओवर में 11 रन जोड़कर पहली पारी में 218 रन बनाए और 75 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने दाधे को 27 रन पर आउट किया। शमी ने 37 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि स्पिनर शाहबाज अहमद ने 39 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
महाराष्ट्र ने 102 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे लेकिन सांघवी 179 गेंद में नाबाद 60 रन बनाकर डटे रहे और दाधे के साथ उनकी साझेदारी निर्णायक साबित हुई।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता